सोनुवा : मंगलवार को सोनुवा प्रखंड में संचालित स्कूलों के बीच मध्याह्न् भोजन के लिए चावल का वितरण किया जाना था. लेकिन समय से ट्रक का चावल नहीं पहुंच पाने के कारण चावल लेने आये शिक्षकों को मंगलवार को निराश होकर लौट जाना पड़ा.
जिससे उनमें आक्रोश था. स्कूलों में चावल नहीं होने के कारण कई स्कूलों में मिड डे मील का वितरण नहीं किया जा रहा है. शिक्षकों ने बताया कि सोनुवा के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के निर्देश के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे से मध्याह्न् भोजन योजना के लिए चावल का वितरण होना था. जब वह सुबह 10 बजे प्रखंड कार्यालय में स्थित गोदाम में सभी शिक्षक पहुंचे तो वहां पर कोई भी मौजूद नहीं था.
अपने स्कूल के लिए चावल लेने आये शिक्षक सह झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने बताया कि एजीएम साहब आराम से दोपहर एक बजे गोदाम में आए. शिक्षक चावल ले जाने के लिए भाड़े में अपने साथ गाड़ी भी लाये थे. शिक्षकों के द्वारा आधा भाड़ा भी देना पड़ा.
चावल का वितरण नहीं होने की वजह जब एजीएम उज्जवल किशोर मेहरा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चावल का ट्रक बरसात में फं स जाने के कारण काफी देर से गोदाम पहुंचा. कुली नहीं मिलने के कारण चावल का वितरण नहीं हो सका. इसका वितरण बुधवार को होगा.
