Chaibasa News : संत जेवियर्स स्कूल ने संत विवेका को 103 रन से हराया, शतक से चूके कृपासिंधु

संत जेवियर्स स्कूल ने संत विवेका को 103 रन से हराया, शतक से चूके कृपासिंधु

चाईबासा.

जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 14वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत शनिवार को खेले गये मैच में संत जेवियर्स स्कूल चाईबासा ने संत विवेका इंग्लिश स्कूल को 103 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए. बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गये शनिवार के मैच में टॉस संत विवेका स्कूल के कप्तान ने जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. उनका यह निर्णय तब गलत साबित हुआ जब पहले बल्लेबाजी करते हुए संत जेवियर्स स्कूल ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 203 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया. संत जेवियर्स स्कूल की ओर से कृपासिंधु चंदन ने आठ चौके एवं सात चौके की मदद से 99 नाबाद रन बनाए. मात्र एक रन से शतक बनाने से चूक गया. अन्य बल्लेबाजों में अनुपम ने 32, गगन विक्रांत टोपनो ने 19 एवं गौरव पान ने 11 रन बनाए. संत विवेका स्कूल की ओर से अर्पण मुकुट बालमुचू, जैद अख्तर एवं चंदन प्रसाद ने एक-एक विकेट मिला.

निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत विवेका इंग्लिश स्कूल की पूरी टीम 16.2 ओवर में 100 रन बनाकर आउट हो गयी. जैद अख्तर ने सात चौके की सहायता से 41 रन एवं पियुष कुमार ने तीन चौके व एक छक्का की मदद से 27 रन बनाए. संत विवेका स्कूल की पारी की खासियत यह रही कि इनके छह बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हो गये. संत जेवियर्स स्कूल की ओर से चीतेश सरकार ने 13 रन देकर चार विकेट व आदित्य राज ने 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. कृपासिंधु चंदन ने भी 10 रन देकर दो बल्लेबाजों को चलता किया. मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में संत जेवियर्स स्कूल के बल्लेबाज कृपासिंधु चंदन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. यह पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की महिला चयन समिति के सदस्य गुरमीत सिंह ने प्रदान की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >