चाईबासा : झारखंड में 2019 का चुनाव किसी को विधायक, मंत्री व मुख्यमंत्री बनाने का नहीं, बल्कि राज्य की तकदीर व तस्वीर बदलने के लिए फैसले का वक्त है. इवीएम का बटन दबाते समय ध्यान रखें कि आपके राज्य का विकास कौन कर सकता है. भाजपा ने पांच साल तक भ्रष्टाचार मुक्त व शांतिपूर्ण शासन दिया है. उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहीं. उन्होंने कहा कि पांच साल में आपने देखा कि हमने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है. एक स्थायी सरकार दी है. इसी कारण लोग भाजपा के साथ कारवां के समान जुड़ते चले गये और झारखंड की तकदीर व तस्वीर बदली.
झामुमो व कांग्रेस की दोस्ती सिर्फ कुर्सी की: उन्होंने कहा कि अब इनकी यह दोस्ती सिर्फ कुर्सी की दोस्ती है. झामुमो खुद को झारखंड के लिए आंदोलन करने वाली पार्टी कहती है. लेकिन जब अलग झारखंड की मांग चल रही थी, उस समय कांग्रेस के लोग यहां की जनता पर गोली चलवा रहे थे. लेकिन अलग झारखंड के लिए भाजपा ही खड़ी थी. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का सपना अटल बिहारी वाजपेयी ने साकार किया और उसे भाजपा की डबल इंजन की सरकार संवार रही है.
