टाटीबा गांव का रहने वाला था हाइवा चालक
किरीबुरू :सारंडा स्थित टाटा स्टील की विजय-2 व देवका बाई भेलजी खदान जाने के रास्ते के ढलान पर ट्रक ने हाइवा चालक गुमान दास को रौंद दिया. घायल अवस्था में उसे टाटा स्टील अस्पताल, नोवामुंडी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. वह किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटिबा गांव का रहने वाला था.
घटना सोमवार दोपहर की लगभग डेढ़ बजे की है. टक्कर के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया. जानकारी के मुताबिक, बरायबुरू से उक्त दोनों खदानों में जाने का एक ही रास्ता है. इसी रास्ते से दोनों खदानों के लिए लौह अयस्क की ढुलाई हाइवा व ट्रकों से की जाती है. बराईबुरु-किरीबुरु मुख्य मार्ग से हाइवा लौह अयस्क लेने पहाड़ी पर चढ़ रहा था. हाइवा चालक बीच रास्ते में सड़क जाम होने पर वाहन को खड़ा कर नीचे उतारा.
इसी दौरान देवका बाई भेलजी खदान से लौह अयस्क लेकर ढलान पर उतार रहा ट्रक अनियंत्रित होकर चालक को रौंदते हुए हाइवा से टकरा गया. ग्रामीणों ने बताया, अधिक ट्रिप करने के चक्कर में नियमों को ताक पर रखकर वाहनों का संचालन होता है. लोड से बारिश होने पर ढलान पर वाहन के फिसलने का खतरा रहता है.
