भुवनेश्वर से रांची राशि ले जाने की दी जानकारी
जब्त राशि चक्रधरपुर ट्रेजरी में रखी जाएगी
चुनाव के बाद समिति के निर्णय से राशि रिलीज होगी
चाईबासा : बंदगांव चेक नाका पर मंगलवार की सुबह जांच के दौरान एसएसटी टीम ने एक वाहन से 11 लाख रुपये जब्त किया. उक्त राशि भुवनेश्वर से रांची ले जायी जा रही थी. इस मामले में वाहन के चालक व उसमें सवार सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे उक्त राशि के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है. दरअसल 10 लाख से अधिक नकद राशि पकड़ाये जाने के कारण इसकी सूचना आयकर विभाग को दी गयी है.
रांची में राशि का भुगतान करने जा रहे थे : मामले की प्रारंभिक जांच के अनुसार भुवनेश्वर में आए ‘फनी’ तूफान के बाद राहत कार्य में लगे लोगों ने 65 जेनरेटर रांची से खरीदी थी. फनी के बाद बैंकिंग व्यवस्था चरमरा जाने के कारण वे लोग राशि भुगतान करने के लिए कैश लेकर रांची जा रहे थे. इसी दौरान बंदगांव नाका में वाहनों की तलाशी में वाहन से 11 लाख रुपये बरामद हुए. इसे जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गयी है. जांच के बाद उक्त राशि को मुक्त करने पर निर्णय होगा.
