झींकपानी : झींकपानी पेट्रोल पंप के पास चाईबासा की ओर से जामदा जा रहे एक ट्रेलर के पहिये में आग लग गयी. इस आग की चपेट में पास स्थित एक ट्रांसफॉर्मर भी आ गया. समय रहते ट्रांसफॉर्मर की बिजली काट दी गयी और ट्रेलर के पहिये में लगी आग बुझा दी गयी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना बुधवार सुबह करीब सात बजे की है.
जानकारी के अनुसार चाईबासा की ओर से खाली ट्रेलर (पीबी-05एबी/ 8943) जामदा की ओर आयरन लादने जा रहा था. इस दौरान झींकपानी पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर का एक पहिया फट गया, जिससे पहिये में आग लग गयी. इसी दौरान पहिये का एक जलता हुआ टुकड़ा पास स्थित ट्रांसफॉर्मर पर जा गिरा. जिससे ट्रांसफॉर्मर में भी आग लग गयी. तब तक चालक ने ट्रेलर रोक दिया.
इस बीच मौके पर जुटे लोगों ने तुरत विभाग को फोन कर बिजली कटवायी. साथ ही ट्रेलर के पहिये में लगी आग पर भी किसी तरह काबू पाया. स्थानीय लोगों के अनुसार टायर के पहिये की आग को समय रहते नहीं बुझाया जाता, तो ट्रेलर की टंकी में आग लग जाती, जिससे किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था.
वहीं जहां ट्रेलर के पहिये में आग लगी थी, उस महज 20 से 25 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए दर्जनों गाड़ियों की लाइन लगी हुई थीं. बड़े वाहनों के अलावा छोटे व दोपहिया वाहन वाले भी काफी संख्या में थे. आग पर तुरत काबू नहीं पाया गया होता तो ट्रेलर के पहिये से सटी तेल टंकी में आग लगने विस्फोट होता और संभवत: इसकी जद में पेट्रोल पंप भी आ जाता.
