बिना आदेश गुदड़ी प्रखंड छोड़ने पर होगी कार्रवाई
जरूरी पड़ने पर लोगों को 50 किमी दूर सोनुवा जाना पड़ता था
सरकारी सुविधाओं पर प्रशासनिक पदाधिकारी लगा रहे पलीता
चाईबासा : डीसी सर! गुदड़ी प्रखंड के बीडीओ अपने कार्यालय में नहीं बैठते हैं. वे गुदड़ी से 50 किमी दूर सोनुवा से मोबाइल फोन पर गुदड़ी प्रखंड चला रहे हैं. गुदड़ी को लोगों को किसी भी काम के लिए 50 किमी दूर सोनुवा जाना पड़ता है. उक्त शिकायत लेकर मंगलवार को गुदड़ी के जनप्रतिनिधि (जिप सदस्य आइलिना बरजो, मुखिया, पंसस) और जनता चाईबासा में उपायुक्त अरवा राजकमल से मिले. इसके बाद डीसी ने गुदड़ी बीडीओ अरुण तिर्की को दूरभाष पर फटकार लगायी. बीडीओ को मंगलवार की रात तक गुदड़ी में शिफ्ट करने को कहा. डीसी ने कहा कि लोगों को
सोनुवा जाने में कितनी परेशानी होती है, आपको पता है. यह ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही है. इसे बर्दाश्त नहीं किया जाये. दोबारा ऐसी शिकायत मिली तो कार्रवाई की जायेगी.
जिप सदस्य के नेतृत्व में पहुंचे थे जनप्रतिनिधि : गुदड़ी की जनता की परेशानियों को देखते हुए जिप सदस्य आइलिना बरजो के नेतृत्व में बांदु पंचायत के मुखिया दुनु लोमगा, पंचायत समिति सदस्य मरसल्यानी बरजो, टोमडेल पंचायत की मुखिया मरसा बुढ़, विश्राम बरजो आदि डीसी से मिलने पहुंचे थे.
प्रखंड में एक भी योजना पूरी नहीं
गुदड़ी प्रखंड का काम सोनुवा से चलने के कारण यहां सरकारी योजनाओं की स्थिति बेहद खराब है. अबतक एक भी योजना में शत प्रतिशत काम नहीं हुआ है. सभी कार्य 60 से 70 प्रतिशत पूरे हुए हैं. मनरेगा योजना का हाल बुरा है. डीडीसी कार्यालय से नियमित रूप से बीडीओ को शो-कॉज किया जाता है. इसके बावजूद प्रशासनिक कार्य प्रणाली में सुधार नहीं हुआ.
मंगलवार को ही गुदड़ी में शिफ्ट करने का आदेश
28 जनवरी को सीएम ने गुदड़ी प्रखंड भवन का किया था उद्घाटन
गौरतलब हो कि गुदड़ी प्रखंड का काम पूर्व में सोनुवा से होता था. जनता की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 28 जनवरी 2018 को गुदड़ी में प्रखंड भवन का उद्घाटन किया. उन्होंने गुदड़ी प्रखंड का सारा कामकाज गुदड़ी से होने की घोषणा की. इसके बावजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया. गुदड़ी से 50 किलोमीटर दूर सोनुवा प्रखंड से ही सारा कामकाज चलता रहा.
गुदड़ी प्रखंड से आम जनता को काफी उम्मीदें हैं. यहां बीडीओ के नहीं बैठने से काफी परेशानी होती है. सोनुवा में बीडीओ रहते है. बीडीओ के नहीं आने से कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं.
– आइलिना बरजो, जिप सदस्य, गुदड़ी
गुदड़ी प्रखंड में बीडीओ को अविलंब शिफ्ट होने का निर्देश दिया गया है. प्रखंड मुख्यालय में नहीं रहना गलत है. इतने दिनों से प्रखंड में नहीं होने का मामला गंभीर है. इसकी जांच की जायेगी.
– अरवा राजकमल, उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम
