ट्रेन में बम देखने की सूचना देने वाले घायल यात्री का शव मिला

आजाद हिंद एक्सप्रेस में नहीं मिला बम घायल यात्री ने गोइलकेरा के एएसएम को दी थी बम की सूचना एएसएम ने इलाज के लिए सीकेपी भेजा, कंट्रोल को दी बम की खबर घायल यात्री के नहीं पहुंचने पर शुरू हुई खोजबीन, सुबह मिला शव रेल विजिलेंस ने की एएसएम से पूछताछ, मामले की जांच जारी […]

आजाद हिंद एक्सप्रेस में नहीं मिला बम

घायल यात्री ने गोइलकेरा के एएसएम को दी थी बम की सूचना
एएसएम ने इलाज के लिए सीकेपी भेजा, कंट्रोल को दी बम की खबर
घायल यात्री के नहीं पहुंचने पर शुरू हुई खोजबीन, सुबह मिला शव
रेल विजिलेंस ने की एएसएम से पूछताछ, मामले की जांच जारी
चक्रधरपुर/गोइलकेरा : पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस के शौचालय में बम होने की सूचना बुधवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की ढाई घंटे की जांच में अफवाह साबित हुई. लेकिन मामला गुरुवार सुबह और भी उलझ गया जब बम की सूचना देनेवाला यात्री चक्रधरपुर रेल मंडल के लाउड़िया के समीप मृत पाया गया.
असम के लखीमपुर निवासी अनंत बोरा का शव लाउड़िया के पास किमी संख्या 314/32 पर रेल लाइन के पश्चिमी किनारे की ओर झाड़ियों में मिला. वोटर कार्ड, पैन कार्ड से मृतक की पहचान हुई. शव के पास से नौ जनवरी का पुणे से गुवाहाटी वाया हावड़ा का वेटिंग टिकट मिला, जिसका पीएनआर नंबर 860-1100576 है. अनंत की मौत की सूचना उसके परिजनों को सूचना भेजी गयी है.
मामला हत्या या आत्महत्या का है अथवा कोई दुर्घटना है, इस पर संशय की स्थिति बनी हुई है. ज्ञात हो कि यात्री अनंत बोरा बुधवार रात लगभग 12 बजे जख्मी हालत में गोइलकेरा के सहायक स्टेशन मास्टर यमुना प्रसाद साहू को आजाद हिंद ट्रेन में बम होने की सूचना देने पहुंचा था. श्री साहू के मुताबिक बोरा ने अपनी जान का खतरा बताते हुए उनसे कहा कि बोगी में दो अनजान लोगों ने उसे देसी कट्टा सटाकर भाग जाने को कहा तो वह चलती ट्रेन से कूद गया.
ट्रेन गोइलकेरा स्टेशन से 11.49 बजे (लगभग 11 मिनट पूर्व) खुली थी. बम होने की सूचना पर एएसएम श्री साहू ने कंट्रोल को इसकी सूचना दी. तब तक ट्रेन चकधरपुर स्टेशन पार कर चुकी थी, इसलिए टाटानगर रेवले स्टेशन को सूचना दी गयी. टाटानगर में आजाद हिंद एक्सप्रेस के पहुंचने पर करीब 2:35 घंटे उसकी जांच की गयी.
सुरक्षा जवानों ने डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर से एक-एक बोगी और यात्रियों के लगेज की जांच की, लेकिन किसी कोच से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. तब उसे 3.50 बजे टाटानगर से हावड़ा के लिए रवाना कर दिया गया.
दूसरी ओर गोइलकेरा के स्टेशन मास्टर ने घायल अनंत को इलाज के लिए रात 12.34 बजे मुंबई-हावड़ा मेल से चक्रधरपुर भेज दिया और स्टेशन को सूचित कर दिया. ट्रेन से किसी घायल यात्री के चक्रधरपुर नहीं पहुंचने पर आरपीएफ ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला. सुबह में लाउड़िया व गोइलकेरा में दो यात्रियों के शव पाये जाने की सूचना मिली. इस पर जब आरपीएफ लाउड़िया पहुंची तो वहां अनंत बोरा का शव पड़ा मिला. स्थानीय पुलिस को सूचना देकर रेल लाइन से शव को बरामद किया गया.
टाटानगर स्टेशन पर दहशत में रहे यात्री
रात करीब 1:15 बजे टाटानगर पहुंची ट्रेन को जब जांच के लिए रोक दिया गया तो यात्रियों में दहशत फैल गयी. डॉग स्क्वायड, पुलिस फोर्स को देख सभी सहम गये. ट्रेन रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली. बम की खबर मिलने के बाद आरपीएफ के सहायक कमांडेंट एसके चौधरी, इंस्पेक्टर एमके सिंह, जीआरपी के डीएसपी के. केरकेट्टा ट्रेन आने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे. जांच में बागबेड़ा पुलिस और पीसीआर की भी मदद ली गयी.
सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग होती तो खुलते राज
गोइलकेरा स्टेशन में करीब पांच जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन किसी भी कैमरे में रिकॉर्डिंग की सुविधा नहीं है. रिकार्डिंग मिलने से कुछ और राज खुल सकते थे.
स्टेशन में नहीं था जवान, घायल को अकेले भेजना पड़ा
सुबह आठ बजे चक्रधरपुर से गोइलकेरा पहुंचे रेल विजिलेंस के अधिकारियों ने सहायक स्टेशन मास्टर यमुना पसाद साहू से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली तथा घटना की जानकारी ली. जानकारी मिली कि गोइलकेरा स्टेशन पर मनोहरपुर आरपीएफ की ओर से दो जवानों की प्रतिनियुक्ति दो शिफ्टों में की गयी है.
इनका समय क्रमश: सुबह छह बजे से रात आठ बजे और रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक है. दूसरी शिफ्ट का जवान रात करीब 12 बजे तक गोइलकेरा स्टेशन में नहीं था. आरपीएफ की टीम रात करीब एक बजे पैसेंजर ट्रेन से गोइलकेरा पहुंची. ऐसे में स्टेशन सिर्फ सहायक स्टेशन माास्टर व पोर्टर के भरोसे था. मजबूरन, एएसएम ने घायल यात्री अनंत बोरा को ट्रेन से अकेले ही चक्रधरपुर भेजा.
पुणे से गुवाहाटी जा रहा था असम निवासी अनंत
बोरा ने एएसएम को बताया था कि बम देखने के बाद दो लोगों ने पिस्टल सटा ट्रेन से कूदने को कहा
एएसएम ने अपने विवेक से काम किया
मामले की जांच की जा रही है. मंडल सुरक्षा आयुक्त के द्वारा दोनों ट्रेनों की एस्कॉर्ट पार्टी की जांच व पूछताछ की जायेगी. उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी. गोइलकेरा एएसएम ने अपने विवेक से काम किया और सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया भी, जिससे टाटानगर में उसकी जांच हो सकी. हालांकि ट्रेन में किसी तरह का विस्फोटक या बम नहीं मिला.
भास्कर, सीनियर डीसीएम
चक्रधरपुर रेल मंडल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >