सफलता. जोनल व एरिया कमांडर भी पुलिस गिरफ्त में
किरीबुरू : ओड़िशा की सुंदरगढ़ जिला पुलिस ने शनिवार और रविवार को अभियान चलाकर पीएलएफआइ के पांच उग्रवादियों तथा दो सहयोगियों को हथियार व गोलियों के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार उग्रवादियों में से दो लोग झारखंड के खूंटी जिले के रहनेवाले हैं.
बीर मित्रापुर थाने की पुलिस के अनुसार उसे 29 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआइ के 10-15 सदस्य खुखुंदुबहाल जंगल में जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं.
इसके बाद पुलिस ने 30 सितंबर को ऑपरेशन शुरू किया. ऑपरेशन के दौरान जंगल में पीएलएफआइ से मुठभेड़ हो गयी. मुठभेड़ के दौरान ही चार पीएलएफआइ सदस्यों को अत्याधुनिक हथियारों के साथ पकड़ लिया गया. उनकी निशानदेही पर एक अक्तूबर को तीन अन्य नक्सलियों को विभिन्न क्षेत्रों से पकड़ा गया. मुठभेड़ के दौरान 10 से अधिक नक्सली जंगल का लाभ उठा कर फरार हो गये.
पुलिस ने बताया कि खुखुंदुबहाल जंगल से गिरफ्तार उग्रवादियों में संगठन के झारखंड-ओड़िशा जोनल कमेटी का सदस्य अर्जुन राणा उर्फ कपिल पाठक उर्फ राहुल, कोइड़ा बड़बिल एरिया कमेटी सदस्य सूर्या उर्फ क्रिस्ट पौलूस सोय उर्फ पौलूस मुंडा उर्फ करण सोय, जोगेश्वर सिंह उर्फ भखडू व सुंदर ओड़ेया उर्फ सुली शामिल हैं. इनकी निशानदेही पर सेल के राउरकेला स्टील प्लांट के कर्मचारी मन्नू कुजूर, मानुएल भेंगरा उर्फ मन्नू व राज मोहन किशन उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया गया है. इनमें तीन उग्रवादी व समर्थक झारखंड के रहनेवाले हैं.
मानुएल भेंगरा गुमला जिले का निवासी है, वहीं जोगेश्वर उर्फ भखडू तथा सुंदर ओडेया उर्फ सुली खूंटी जिले का रहनेवाला है.गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से चार गोलियों व दो मैग्जीन सहित एक कारबाइन, तीन गोलियों सहित एक पिस्तौल तथा 29 गोलियों सहित डबल बैरल की तीन बंदूकें बरामद की गयी हैं. बीते कुछ महीनों से पीएलएफआइ नक्सली कारोबारियों से लेवी मांग रहे थे.
