बड़बिल : जोड़ा थाना के देवझर गांव में मंगलवार को तालाब में नहाने गये बुजुर्ग और उसकी छह वर्षीया पोती की डूबने से मौत हो गयी. दोनों के शव शाम को तालाब में 20 फीट की गहराई में मिले.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय मांगीलाल मुंडा (65) अपने बेटे कोंदा मुंडा की दो बेटियों समिता मुंडा (6) तथा सरस्वती मुंडा (3) को लेकर रेलवे फाटक के पास देवझर हाई स्कूल के पीछे स्थित तालाब में नहाने गये थे. मांगीलाल ने सरस्वती को दूर बैठने को कहा व खुद समिता के साथ तालाब में नहाने उतर गये. इसी दौरान समिता तालाब की गहराई वाले क्षेत्र में चली गयी और डूबने लगी. बड़ी पोती को डूबते देख दादा मांगीलाल उसे बचाने गये और वहां दोनों ही डूब गये.
दोनों को डूबते देख सरस्वती रोते हुए घर पहुंची. वह कुछ बता नहीं पा रही थी.
उसे अकेले घर पहुंचने और रोने पर परिजनों को शक हुआ. वे तालाब पहुंचे तो मांगीलाल व समिता के चप्पल व कपड़े किनारों पर रखे मिले. परिवार और गांव के लोगों ने दोनों को तालाब के आसपास और तालाब में भी ढूंढा पर वे नहीं मिले. शाम को घटना की जानकारी बिलाईपदा पुलिस चौकी को दी गयी. इसके बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और तालाब में खोज शुरू की. कुछ समय बाद जब तालाब में जंजीर फेंकी गयी तो 20 फीट की गहराई में मांगीलाल का शव फंस गया. बाद में बच्ची का शव उतनी ही गहराई में मिला.
