सदर अस्पताल. बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से मरीज बेहाल
बुधवार को पांच मरीजों का नहीं हो सका एक्स-रे, वापस लौटे
अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन खराब, मरीज परेशान
चाईबासा : सदर अस्पताल की एक्स-रे मशीन 15-20 दिनों खराब है. इसके कारण बुधवार को पांच मरीजों को बिना जांच के लौट जाना पड़ा. हाटगम्हरिया के इलीगढ़ा निवासी नामसी खंडाइत सड़क दुर्घटना में घायल हो गयी थी. पुलिस उसे लेकर सदर अस्पताल आयी. चिकित्सकों ने एक्स-रे कराने का परामर्श दिया. सुबह से दोपहर तक वे लोग इधर-उधर घूमते रहे. दोपहर करीब डेढ़ बजे अस्पताल उपाधीक्षक डॉ चंद्रावती बोयपाई ने जमशदेपुर एमजीएम ले जाने या बाहर से एक्स-रे कराने की सलाह दी. इसके बाद पुलिस सिविल सर्जन के कक्ष पहुंची. सिविल सर्जन ने उसे मोबाइल वैन से एक्स-रे कराने की सलाह दी.
खराब है सदर अस्पताल की स्थिति, तमाम जांच उपकरण ठप: सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं दिन-प्रतिदिन खराब हो रही है. यहां सभी जांच उपकरण ठप है. एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीन खराब है. कई मरीज आरोप लगा चुके हैं कि जांच मशीन ठीक रहने पर भी तकनीशियन गायब रहते हैं. इस कारण समय पर जांच नहीं हो पाती है. अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट करिश्मा पिंगुवा और तकनीशियन गुरुवा दिग्गी व जगाय पदस्थपित हैं. गायब रहने के कारण सिविल सर्जन ने इनको चेतावनी भी दी है.
