फरवरी में संभावित है नगर परिषद का चुनाव
वर्ष 2013 में चुनाव के समय नप में थे 26 वार्ड, फरवरी में होना है नप चुनाव
चाईबासा शहर के कई क्षेत्रों को गांव में मिला देने से घटी थी वार्ड की संख्या
चाईबासा : चाईबासा नगर परिषद में दो वार्ड बढ़ेंगे. अब चाईबासा नप में 21 वार्ड हो जायेंगे. वर्तमान में चाईबासा नप में 19 वार्ड है. चाईबासा के वर्तमान के 19 वार्डों में लागू महिला-पुरुष आरक्षण में भी फेरबदल होगा. गठन करने की प्रक्रिया का पत्र आते ही, दो वार्ड गठित हो जायेगी. फिलहाल दो वार्ड गठित करना तय हो गया है. आगामी फरवरी में नप चुनाव होना संभावित है. इसे लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू कर दी गयी है.
वर्ष 2013 में चुनाव के समय चाईबासा में थे 26 वार्ड
चाईबासा नप के लिए अंतिम चुनाव वर्ष 2013 में हुआ था. चुनाव के समय चाईबासा नप में कुल 26 वार्ड थे. चुनाव भी 26 वार्ड पार्षद सदस्यों पर हुआ था. बीच में चाईबासा नप क्षेत्र में शामिल टुंगरी, नीमडीह, मोचीसाई, स्टेशन रोड का कुछ एरिया, गुटूसाई को नप से हटाकर ग्रामीण क्षेत्र में मिला दिया गया. जिसके बाद चाईबासा नप सिकुड़कर 19 वार्ड का हो गया.
चाईबासा शहर की आबादी 44 हजार होने के कारण होंगे 21 वार्ड
40 हजार से एक लाख की आबादी पर नप का गठन होता है. नप क्षेत्र में कम से कम वार्ड की संख्या 20 होनी चाहिए. 40 हजार की आबादी के बाद प्रति छह हजार की आबादी पर एक वार्ड का गठन होता है. वर्तमान में चाईबासा की आबादी लगभग 44 हजार छह सौ है. इस कारण 40 हजार पर 20 वार्ड और इसके बाद की आबादी के लिए एक और वार्ड का गठन किया जायेगा. वर्ष 2013 में हुए नप चुनाव के समय अविभाजित चाईबासा शहर की आबादी 69 हजार थी. इस कारण 26 वार्ड का गठन किया गया था.
वार्डों में लागू महिला-पुरुष आरक्षण में होगा फेरबदल
चाईबासा नप में नये सिरे से कुल दो वार्ड बढ़ाये जायेंगे. वार्ड की संख्या 19 से बढ़कर 21 हो जायेगी. नप चुनाव आगामी फरवरी में संभावित है. चुनाव को देखते हुए सरकार के निर्देश के अनुसार प्रशासनिक तैयारी शुरू कर दी गयी है.
-कुमार नरेंद्र नारायण, कार्यपालक पदाधिकारी, चाईबासा नप.
