मनोहरपुर : मनोहरपुर व आसपास शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश से कोयल व कोयना नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है. तटीय इलाकों में बाढ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. तटीय क्षेत्र के घरों मे पानी प्रवेश करने लगा है. शशि सिंह के मकान में पानी प्रवेश कर गया. स्थानीय युवकों ने घर का सामान छत पर चढाया. लोगों ने अपना सामान व पालतू पशुओ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है. लगातार बारिश से प्रखंड के कई गांव का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से कट गया है.
सड़कों, पुल-पुलिया पर जलजमाव के कारण आवागमन ठप हो गया है. अभयपुर-धानापाली होते हुए ओड़िशा सड़क मार्ग पर अभयपुर के समीप पुल पर आठ फीट ऊपर से पानी बह रहा है. धानापाली, कोलपोटका, प्रधानपाली आदि दर्जनों गांव के लोगों को प्रखंड मुख्यालय आने के लिए कई किलोमीटर दूरी तय कर अन्यत्र रास्ते से आना पड़ा रहा है. घाघरा पुल के ऊपर से व पुराना मनोहरपुर काशीपुर गांव के बीच अवस्थित पुल के ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है. जिससे गांव से गांव का संपर्क कट रहा है.
