चाईबासा : कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के मैनेजर ने विवाहिता को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया. वहीं किसी को बताने पर बुरे अंजाम की धमकी दी. पीड़िता ने झारखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी (सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना) के सेंटर मैनेजर अभिषेक कुमार के खिलाफ एसटीएसी थाना में मामला दर्ज कराया है. पीड़िता ने बताया कि वह चाईबासा रेलवे फाटक पार जिला स्कूल जानेवाले मार्ग पर स्थित कंप्यूटर सेंटर में प्रशिक्षण ले रही थी. कोर्स पूरा होने पर सेंटर के मैनेजर अभिषेक कुमार ने नौकरी दिलाने की बात कही. इसे लेकर बीते सात जुलाई की दोपहर दो बजे चक्रधरपुर ले गया.
वहां रातभर दुष्कर्म किया. दूसरे दिन चाईबासा पहुंचा गया. किसी को नहीं बताने की धमकी दी. पीड़िता डर से किसी को कुछ नहीं बताया. 10 जुलाई को पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी सहेली को दी. उसकी सहेली ने इसकी सूचना पीड़िता के परिजन को दिया. इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ 11 जुलाई को महिला थाना पहुंची. महिला थाना में मामला दर्ज होने पर 13 जुलाई को मुफ्फसिल थाना पहुंची. एसटीएसी का मामला होने के कारण थाना प्रभारी ने पीड़िता को एसटीएसी थाना भेज दिया. पीड़िता मुफ्फसिल थानांतर्गत रहनेवाली है. उसकी शादी हो गयी है. वह मायके में रहकर उक्त सेंटर में कंप्यूटर की पढ़ाई कर रही थी. घटना के बाद आरोपी अभिषेक फरार है. सेंटर के संचालक संजय कुमार ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार भागलपुर (बिहार) के बांका जिला का रहनेवाला है.
