ताजदार आलम ने संभाली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान, बोले- मुस्लिम समाज के बीच लेकर जाएंगे सरकार की योजनाओं की हकीकत

ताजदार आलम ने रांची में भाजपा झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विधिवत कार्यभार संभाला. उन्होंने मुस्लिम समाज के बीच सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और भाजपा से जोड़ने का संकल्प लिया.

रांची. भाजपा झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पदग्रहण सह अभिनंदन समारोह में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया. ताजदार आलम को हाल ही में झारखंड भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.

भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने ताजदार आलम को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ताजदार आलम पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे. उन्होंने अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं से भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार को दूर करने और समाज के लोगों तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया.

सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को

सहाय ने कहा कि विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे अल्पसंख्यक समाज के बीच भाजपा का भय दिखाकर वोट लेते रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है. उन्होंने मुस्लिम समाज के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी.

समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से ताजदार आलम का सहयोग करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग पूजा पद्धतियां हैं, लेकिन सभी भारतवासी हैं और देश को विकसित एवं मजबूत बनाना सामूहिक उद्देश्य होना चाहिए.

भाजपा की नीतियों को समझने की जरूरत

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि समाज और देश को मजबूत करने के लिए लोगों को भाजपा की नीतियों को समझने की जरूरत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन से जुड़ने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की.

अल्पसंख्यक समाज का वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल

प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि लोगों को अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर अल्पसंख्यक समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब अल्पसंख्यक समाज के लोग ही दे सकते हैं.

महिलाओं के हित में उठाया गया कदम

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री मिस्फीका हसन ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए समाज के लोगों को भाजपा से जोड़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मुस्लिम महिलाओं से जुड़े तीन तलाक के मुद्दे पर कानून बनाया, जिसे उन्होंने महिलाओं के हित में उठाया गया कदम बताया. भाजपा के वरिष्ठ नेता कमाल खान ने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा को मुस्लिम समाज के बीच भाजपा को लेकर फैलाई जा रही गलतफहमियों को दूर करने का काम करना चाहिए. उन्होंने लोगों से देश के विकास के लिए भाजपा से जुड़ने की अपील की.

सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों का विकास

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात ने ताजदार आलम को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा और मजबूत एवं संगठित होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों का विकास करना है.

मुस्लिम समाज और भाजपा के बीच दूरी कम करने की बात

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, इसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे कमजोर नहीं होने देंगे. ताजदार आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समाज के लोगों को भी मिला है. उन्होंने कहा कि वह इन योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी मुस्लिम समाज के बीच लेकर जाएंगे और मुस्लिम समुदाय तथा भाजपा के बीच व्याप्त दूरी को कम करने की दिशा में काम करेंगे.

ये भी पढ़ें: सहायक आचार्य परीक्षा : संशोधित रिजल्ट रद्द, चार सप्ताह में नया रिजल्ट जारी करने का आदेश

मुस्लिम समाज को भाजपा से जोड़ने के लिए अभियान

उन्होंने कहा कि मोर्चा के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अल्पसंख्यक समाज को मिले लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी. साथ ही उन्होंने आगामी 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर मोर्चा की रणनीति के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा का विशेष फोकस प्रदेश के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों पर रहेगा. उन्होंने मुस्लिम समाज को भाजपा से जोड़ने के लिए अभियान चलाने की बात कही.

ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर झारखंड में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, पूरे राज्य में मना भव्य दीपोत्सव

मजार पर मोदी के नाम पर चढ़ाई चादर

कार्यक्रम के दौरान रिसालदार बाबा के मजार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चादर चढ़ाई गई और उनकी लंबी उम्र की दुआ मांगी गई. कार्यक्रम का संचालन रॉकी ने किया. इस अवसर पर तारिक इमरान, राफिया नाज, सोना खान, नजीबुल्लाह खान, असीम अंसारी, रिंकू, बलबीर, जावेद खान, काजिम कुरैशी, आरिफ नासिर भट्ट, शमीम राजा, नैयर आजम, इमरान खान, रविंद्र सिंह, रिंकू जफर, आलम खान, दिलजीत सिंह, टीपू खान, सफीकुल आलम, आलमगीर आलम, रेहान राजा, तनवीर खान, दाउद अली, मोहम्मद साबिर, इसरार खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश सिंह

मीडिया जगत में 25 से अधिक वर्षों का वृहद और समृद्ध अनुभव रखने वाले सतीश सिंह निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और खोजी पत्रकारिता के पर्याय हैं. 'प्रभात खबर' के प्रमुख संवाददाता के रूप में अपनी 22 वर्षों की लंबी और समर्पित यात्रा के दौरान उन्होंने हमेशा सत्य और सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता दी है. रांची में रहते हुए उन्होंने लगातार 15 वर्षों तक झारखंड हाइकोर्ट की रिपोर्टिंग की, जहां न्याय प्रणाली, संवैधानिक पेचीदगियों और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को बेहद सरलता और गहराई के साथ पाठकों तक पहुंचाया. वर्तमान में वह झारखंड की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, नीतिगत सुधारों और विभागीय कार्यप्रणालियों की गहन रिपोर्टिंग कर रहे हैं. उनके लेखन का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक व प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति समाज को जागरूक करना और पाठकों को सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणपरक समाचार उपलब्ध कराना है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >