सिमडेगा. पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार एसपी श्रीकांत एस खोटरे को सूचना मिली कि चीकटोली नैगमटोली के पास एक युवक मोटरसाइकिल से घूम-घूम कर प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेच रहा है. सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी जाहिद खलीफा (25), पिता- मो तौहीद खलीफा, निवासी खैरनटोली तामड़ा मुहल्ला, वर्तमान चीकटोली नैगमटोली को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से पांच पत्ता पीएवोन स्पास प्लस टैबलेट (कुल 60 कैप्सूल) और छह पत्ता नाइट्राजेपाम (कुल 60 कैप्सूल) समेत कुल 120 कैप्सूल बरामद किये गये. इसके अलावा एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (जेएच-07इ-4582) और 540 रुपये नकद भी जब्त किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, पुअनि दीपेश कुमार, सअनि चंद्रमोहन होरो, आरक्षी बीरेंद्र मुंडा, चौकीदार मनीष कुल्लू तथा होमगार्ड चालक सहदेव दास शामिल थे.नशीले कैप्सूल बेचते युवक गिरफ्तार, 120 कैप्सूल व बाइक जब्त
नशीले कैप्सूल बेचते युवक गिरफ्तार, 120 कैप्सूल व बाइक जब्त
