मां शैलपुत्री की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि

मां भगवती की आराधना के साथ चैत नवरात्र शुरू

सिमडेगा. मां भगवती की आराधना का पावन पर्व चैत नवरात्र गुरुवार को जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शुरू हो गया. शहरी क्षेत्र के दो पूजा पंडालों, मंदिरों समेत घरों में श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना कर नवरात्र का शुभारंभ किया. पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की गयी. श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित कर मां दुर्गा का आवाहन किया. इस दौरान आचार्यों द्वारा दुर्गा सप्तशती का पाठ व वाचन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा. शहर के सलडेगा स्थित श्री देवी गुड़ी चैती पूजा समिति में यजमान की भूमिका अशोक महतो ने निभायी, जबकि पुरोहित के रूप में शिवकुमार पाठक ने पूजा संपन्न करायी. ठाकुरटोली स्थित चैती दुर्गा पूजा समिति में यजमान के रूप में योगेंद्र मेहरा व पुरोहित के रूप में अमित मिश्रा ने पूजा-अर्चना करायी. नवरात्र को लेकर सलडेगा एवं ठाकुर टोली पूजा समिति द्वारा तैयारी की जा रही है. पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा भव्य प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है.

भारतीय नववर्ष हमारी संस्कृति व परंपरा का प्रतीक

बानो. लचरागढ़ स्थित विवेकानंद शिशु विद्या मंदिर उवि में विक्रम संवत नववर्ष मनाया गया. मौके पर विद्यालय परिसर से शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें छात्र-छात्राओं और नगरवासियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया. शोभायात्रा में छात्राओं ने कलश यात्रा, मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की झांकियां, लव-कुश की प्रस्तुति और बाल हनुमान का आकर्षक प्रदर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा. पूरे नगर में भारत माता की जय, जय श्रीराम और नववर्ष हमारा है जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा. रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा शीतल पेय, बिस्किट और अन्य अल्पाहार की व्यवस्था की गयी. कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद साहू ने किया. मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय नववर्ष हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, जो हमें नये संकल्प लेने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >