जलडेगा. बांसजोर प्रखंड के उड़ते पंचायत के कछुपानी गांव में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वज्रपात की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान सुनीता डुंगडुंग के रूप में हुई है.
बताया गया कि सुनीता डुंगडुंग खेत में घास उखाड़ने का काम कर रही थीं. इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं. परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर उड़ते पंचायत की मुखिया सीमा डुंगडुंग, बांसजोर की मुखिया लेतारेन लकड़ा, प्रमुख तारामणी सोरेन और पूर्व उपप्रमुख सुनील कुमार साहू समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
इधर, सूचना मिलने पर बांसजोर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
