बोलबा. सिमडेगा के बोलबा प्रखंड के आलिंगुड पहाड़ टोली में सोमवार की देर रात करीब दो बजे एक जंगली हाथी गांव में घुस आया. हाथी ने विश्वनाथ सिंह और लोहार सिंह के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. घर में रखे अनाज को खा गया और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया. इस दौरान घर के लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचायी.
हाथी के गांव में आने की सूचना मिलने पर स्थानीय युवक जुटे और उसे गांव से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान भागने के क्रम में हाथी 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया. बिजली का जोरदार झटका लगने से हाथी जमीन पर गिर गया.
ग्रामीणों ने तत्काल पावर हाउस में फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करायी. बिजली बंद होने के बाद हाथी उठकर जंगल की ओर चला गया. घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.
ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह घटना की जानकारी वन विभाग को दी. ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथी के हमले में हुए नुकसान का आकलन कर क्षतिपूर्ति देने तथा जंगली हाथियों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
