बानो. कानारोवां पंचायत में जराकेल से बड़ोंमदा जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को करीब पांच किलोमीटर पैदल मार्च कर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया. ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की मरम्मत के नाम पर लाल मिट्टी डाल दिये जाने से रास्ता और खराब हो गया है. पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील होने से आवागमन में परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है. पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने सड़क का स्थायी निर्माण कराने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग को लेकर एकजुट होकर प्रखंड कार्यालय तक मार्च किया.
इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया के प्रति भी नाराजगी जतायी और नारेबाजी की. ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत को मिलने वाले सरकारी फंड का उपयोग जरूरी विकास कार्यों में प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि सड़क की स्थिति गंभीर होने के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हुई है.
प्रखंड कार्यालय पहुंचकर ग्रामीणों ने बीडीओ नइमुद्दीन अंसारी को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से जल्द सड़क दुरुस्त कराने की मांग की गयी. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जायेगा.
