कोलेबिरा. कोलेबिरा प्रखंड के पोगलोया स्कूल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया. होप लोहरदगा और फिमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में टुटीकेल पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लचरागढ़ पंचायत की टीम को 2-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया.
बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ.लगातार हो रही बारिश के बीच दोनों टीमों ने पूरे जोश और जज्बे के साथ खेल का प्रदर्शन किया. मैदान में मौजूद दर्शक भी बारिश की परवाह किये बिना पूरे मुकाबले का आनंद लेते रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सह झामुमो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में टुटीकेल पंचायत की मुखिया शुशीला केरकेट्टा,ऐडेगा पंचायत की मुखिया जिरेन डांग,लचरागढ़ पंचायत की मुखिया जिरेन मड़की उपस्थित थे. होप और फिमी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल ग्रामीण क्षेत्र में हॉकी को बढ़ावा देना ही नहीं,बल्कि स्थानीय भाषा,संस्कृति और सामुदायिक पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए युवाओं को जोड़ना भी था.
होप संस्था की मैनेजिंग ट्रस्टी मनोरमा एक्का ने बताया कि संस्था की ओर से कोलेबिरा प्रखंड की चार पंचायतों में लगातार खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण बच्चों, किशोर-किशोरियों और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने, उनकी प्रतिभा को मंच देने तथा उन्हें अपनी स्थानीय भाषा और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने होप और फिमी की इस पहल की सराहना की. मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलना बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि बारिश के बीच भी महिला खिलाड़ियों का मैदान में डटे रहना उनके उत्साह और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है. इस मौके पर होप संस्था के मनोरमा एक्का,कार्यकर्ता अरविंद वर्मा, वारलेस सुरिन और दिनेश केरकेट्टा सहित संस्था के अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: झारखंड में मूसलाधार बारिश से हाहाकार: कहीं नदियां उफान पर तो कहीं ढह गए मिट्टी के घर, डैम लबालब
ये भी पढ़ें: झारखंड में 102 ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने को बनेगी नयी योजना
