सिमडेगा. नगर परिषद निर्वाचन 2026 के तहत सिमडेगा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा समेत सभी 20 वार्ड सदस्यों ने समाहरणालय परिसर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह के समक्ष सामूहिक रूप से पद व गोपनीयता की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का संकल्प लिया. इस दौरान उपायुक्त कंचन सिंह ने अध्यक्ष समेत सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में उनकी अहम भूमिका होगी. उन्होंने सभी से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया. इस अवसर पर अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे.
इन वार्ड पार्षदों ने ली शपथ
वार्ड नंबर एक से जोसेफा लकड़ा, दो से ज्योति मानकी, तीन से गोरेती सोरेंग, चार से रिसमला देवी, पांच से कमला कुमारी, छह से सुनीता देवी, सात से वैजयंती देवी, आठ से कुलदीप किंडो, नौ से राकेश लकड़ा, 10 से विजय राम, 11 से फ्रांसिस जेवियर खलखो, 12 से दीपक कुमार अग्रवाल, 13 से मनोज कुमार अग्रवाल, 14 से राजन गुलशन लकड़ा, 15 से इसमत जहां, 16 से अगुस्ता कुल्लू, 17 से चंदन कुमार डे, 18 से रोसा केरकेट्टा, 19 से आयशा खातून और 20 से मो वसीम.
