सिमडेगा में तीन नाबालिग लड़कियां बरामद, नौकरी के बहाने सूरत ले जा रहा था आरोपी
जिले में पुलिस ने मानव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद किया है.
By VIKASH NATH | Updated at :
वरीय संवाददाता
सिमडेगा. जिले में पुलिस ने मानव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद किया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. 14 मार्च को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि तीन नाबालिग लड़कियों को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लसिया मार्ग में देखा गया है. आशंका जतायी गयी कि उन्हें बहला-फुसलाकर अवैध रूप से काम कराने के लिए बाहर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब बताए गए स्थान पर पहुंचकर जांच शुरू की, तो पुलिस को देखते ही अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने मौके से तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया. पूछताछ और जांच में पता चला कि फरार व्यक्ति का नाम अमित गुप्ता है. जो उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के बाउडीह गांव का रहने वाला है. वह तीनों नाबालिग लड़कियों को नौकरी दिलाने के बहाने सूरत ले जा रहा था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी अमित गुप्ता और उसकी सहयोगी देवसमनी कुमारी को 15 मार्च को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डायलोंगरा गांव से गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में एएचटीयू थाना में मामला दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं बरामद की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रखा गया है.
गिरफ्तार आरोपी : अमित गुप्ता, पिता स्व. कन्हैयालाल गुप्ता, ग्राम बाउडीह, थाना मधुबन, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश)
देवसमनी कुमारी, पिता बिन्देश्वर नाग, ग्राम डायलोंगरा कुल्लूकेरा, थाना मुफस्सिल