झपट्टा मार पर्स लूटने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
झपट्टा मार पर्स लूटने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
सिमडेगा. थाना क्षेत्र में झपट्टा मार कर पर्स लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में थाना में मामला भी दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार 18 जनवरी को घोचोटोली निवासी आवेदिका पुनीत सुरीन का पर्स बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मार कर लूट लिये थे. पर्स में मोबाइल फोन, बैंक पासबुक व दो हजार रुपये नकद थे. घटना के बाद आवेदिका के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. एसडीपीओ बैजू उरांव ने प्रेस काॅन्फ्रेंस कर कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान तीनों अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर लूटे गये सामानों की बरामदगी की गयी है. बरामद सामान में एक मोबाइल, पर्स, सिम कार्ड, बीओआइ के जले पासबुक का कवर व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों में सैयद आशिफ राजा उर्फ जादू (20 वर्ष), पिता- सैयद अली, निवासी- आजाद बस्ती, मो शहबाब ( 20 वर्ष), पिता- नसीर खान, निवासी- भड्डी टोली, इस्लामपुर और मो सैफ (21 वर्ष), पिता- मो सकील, निवासी- झुमका मोहल्ला, कॉलेज रोड शामिल हैं. छापेमारी दल में थाना प्रभारी पुअनि रोहित कुमार रजक, पुअनि नवीन कुमार, सअनि अमरेंद्र कुमार, सअनि संतोष कुमार महतो, सअनि चंद्र मोहन होरो शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है