1915 का पुराना अनुमंडल भवन बना हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम

34 विकास योजनाओं का किया गया शिलान्यास

सिमडेगा. जिला मुख्यालय स्थित वर्ष 1915 में अंग्रेजों द्वारा निर्मित पुराने अनुमंडल कार्यालय भवन को जिला प्रशासन ने विकसित कर हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम के रूप में जनता को समर्पित किया. जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में इसका लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर जिला योजना अनाबद्ध निधि से स्वीकृत छह करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली 34 विकास योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, उपायुक्त कंचन सिंह, उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने संग्रहालय का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित ऐतिहासिक दस्तावेजों, पारंपरिक औजारों और सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया. बताया गया कि यह भवन वर्ष 1915 में अंग्रेजों द्वारा अनुमंडल कार्यालय के रूप में बनाया गया था. 15 अगस्त 1947 को सिमडेगा में पहली बार इसी परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था. बाद में जिला बनने के बाद कुछ समय तक यहां उपायुक्त कार्यालय भी संचालित हुआ. संग्रहालय को तीन हिस्सों में विकसित किया गया है, जहां जिले के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी सामग्री को प्रदर्शित किया गया है. कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा. इस मौके पर पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >