सिमडेगा. मुस्लिम धर्मावलंबियों का प्रमुख त्योहार ईद-उल-फित्र को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. पवित्र माह रमजान में जहां लोग एक तरफ रोजे रख रहे हैं वहीं दूसरी ओर ईद की तैयारी भी जोरों से जारी है. ईद को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गयी है. ईद को लेकर बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. दुकानों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. सुबह होते ही दुकानों में भीड़ लग रही है. विशेष रूप से कपड़ा की दुकानों में अत्याधिक भीड़ देखी जा रही है. मुस्लिम बहुल इलाकों में एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है. शाम को बाजार की रौनक और भी बढ़ जाती है. जगह जगह विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगा कर उसे आकर्षक ढंग से सजाया गया है. कपड़े, जूते-चप्पल , श्रृंगार के अलावा अन्य प्रकार की दुकानें सजायी गयी है. सेवईयों के भी कई स्टॉल लगाये गये हैं. जहां लोग ईद को लेकर सेवईयों की खरीदारी कर रहे हैं. बाजार में एक सौ रूपये से लेकर पांच सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से सेवईयां उपलब्ध हैं. खजूर के भी कई किस्में बाजार में उपलब्ध है. जिसमें अरबियन खजूर की मांग अधिक है. नमाज अदा करने के लिये टोपी के भी स्टॉल लगाये गये हैं. तरह तरह की टोपियां बाजार में उपलब्ध है. साधारण टोपी के अलावा अफगानी, मुल्तानी , पाकिस्तानी टोपी की मांग अधिक है. बाजार में पाचास रूप से लेकर तीन सौ रूपये तक की टोपियां उपलब्ध हैं. रमजान व ईद के मौके पर लोग इत्र भी जरूर लगाते हैं. बाजार में कई किस्म के ईत्र उपलब्ध हैं. ईत्र खस, मुश्क अंबर, उद, जन्नतुल फिरदौस, मजमुआ , गुलाब , ईत्र फूल आदि को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. ईद को लेकर हर उम्र के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. विशेष रूप से बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. पूरा शहर ईद के रंग में डूब चुका है. मुस्लिम समाज के लोगों पर रमजान के साथ साथ ईद का रंग भी चढ़ चुका है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.