गांधी मैदान में फैली गंदगी से जीना हुआ मुहाल, दुर्गंध से बढ़ी परेशानी

शादी-विवाह व समारोहों के बाद कई दिनों तक पड़ा रहता है कचरा

सिमडेगा. शहर के गांधी मैदान में फैली गंदगी और उससे उठ रही दुर्गंध ने आसपास के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. नगर परिषद द्वारा गांधी मैदान को शादी-विवाह समेत अन्य समारोहों के आयोजन के लिए किराये पर उपलब्ध कराया जाता है. कार्यक्रमों के दौरान भोज और पार्टी का आयोजन होता है, लेकिन आयोजन समाप्त होने के बाद बचा हुआ खाद्य पदार्थ और कचरा कई दिनों तक मैदान में ही पड़ा रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय तक कचरा पड़े रहने से वह सड़ने लगता है, जिससे तेज दुर्गंध फैलती है. इस कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने बताया कि स्थिति ऐसी हो गयी है कि उन्हें घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है. कई लोगों ने सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत की है. निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को शिकायत की गयी और कार्यक्रम के अगले दिन ही सफाई कराने की मांग की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. लोगों का कहना है कि नगर परिषद केवल किराया वसूलने तक सीमित है, जबकि आमलोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता की अनदेखी की जा रही है. स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने और प्रत्येक आयोजन के तुरंत बाद कचरा हटाने की मांग की है. साथ ही मामले में जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >