कलश यात्रा के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू

कलश यात्रा के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू

सिमडेगा. सदर प्रखंड के सेवई गांव में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पूर्व कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा गिरमा नदी से शुरू हुई, जहां सैकड़ों महिलाओं ने भगवा वस्त्र धारण कर माथे पर कलश लेकर पूरे गांव व नगर क्षेत्र का भ्रमण किया. कलश यात्रा के बाद धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विहिप जिलाध्यक्ष कौशल राज सिंह देव, जैन मुनि डॉ पद्मराज तथा रामरेखा धाम के संत तुलसी बाबा मुख्य रूप से उपस्थित थे. कौशल राज सिंह देव ने कहा कि सभी सनातन धर्मावलंबियों को अपनी धर्म-संस्कृति, प्राचीन सभ्यता और संस्कारों को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही प्रकृति पूजा की परंपरा रही है और ग्राम देवी की पूजा उसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. गांव में ग्राम देवी मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाना गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्म व संस्कृति को कमजोर करने के कई प्रयास हो रहे हैं. ऐसे में समाज को सजग व संगठित रहने की आवश्यकता है. जैन मुनि डॉ पद्मराज ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए ग्रामीणों को बधाई दी. उन्होंने भगवान राम के परम भक्त हनुमान के जीवन से सेवा, समर्पण और भक्ति की प्रेरणा लेने का संदेश दिया. मंगलवार को पूर्णाहुति व भंडारा का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में सूरज प्रसाद, प्रमोद प्रसाद, आमोद प्रसाद सहित गांव के अन्य ग्रामीण लगे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >