सिमडेगा. राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन सिमडेगा इकाई की ओर से नगर भवन में संगठन विस्तार सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुभाष साहू ने की. समारोह में प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय साहू और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बसंत साहू मुख्य रूप से मौजूद रहे. इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और समाज को एकजुट करने को लेकर चर्चा की गयी. जिलाध्यक्ष सुभाष साहू ने कहा कि जिले में समाज को एक सूत्र में बांधने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की गयी है. उन्होंने कहा कि समाज के लोग संगठित होकर सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में आगे बढ़ें, यही संगठन का मुख्य लक्ष्य है. प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप साहू ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक सभी क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाने की जरूरत है. उन्होंने दहेज प्रथा को समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को इस कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर काम करना चाहिए. साथ ही उन्होंने बेटा और बेटी दोनों को समान शिक्षा देने पर जोर देते हुए प्रगतिशील सोच अपनाने की अपील की. मौके पर संगठन विस्तार की घोषणा भी की गयी. इसमें सुभाष साहू को जिला अध्यक्ष, जसवंत साहू और विकास साहू को उपाध्यक्ष, बजरंग साहू को सचिव, ओमप्रकाश साहू को कोषाध्यक्ष तथा अधिवक्ता सुरेश साहू को राजनीतिक सलाहकार की जिम्मेदारी दी गयी. इसके अलावा डॉ भानु प्रताप साहू, रविकांत साहू, उमाचरण साहू, देवेंद्र साहू और रणधीर साहू समेत कई लोगों को संगठन में विभिन्न दायित्व सौंपे गये. जिले भर से समाज के लोगों को शामिल करते हुए 40 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति की भी घोषणा की गयी. बैठक के बाद होली मिलन समारोह आयोजित हुआ. इसमें लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें प्रस्तुत गीतों पर लोग झूमते नजर आये. कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
बेटा-बेटी को समान शिक्षा देने के लिए समाज को आगे आना होगा : प्रदेश अध्यक्ष
तेली साहू महासंगठन का संगठन विस्तार, होली मिलन समारोह में सामाजिक एकजुटता पर जोर
