सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट
Simdega Wrestling News: हरियाणा के रोहतक में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाली U-23 सीनियर राष्ट्रीय पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड की महिला टीम रवाना हो गई है. टीम में सिमडेगा जिले की प्रतिभाशाली पहलवान सरस्वती कुमारी का भी चयन हुआ है. वह 65 किलोग्राम भार वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.
कुरडेग के कदम टोली गांव की रहने वाली हैं सरस्वती
सरस्वती कुमारी कुरडेग प्रखंड के कदम टोली गांव की निवासी हैं. वर्तमान में वह रांची स्थित सेंटर फॉर एक्सीलेंस में रहकर कुश्ती का प्रशिक्षण ले रही हैं. राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर जिले में खुशी का माहौल है. टीम के रवाना होने से पहले खेल विभाग, झारखंड सरकार की ओर से सभी खिलाड़ियों को ट्रैक सूट एवं खेल किट उपलब्ध कराई गई. झारखंड महिला टीम में कुल 10 महिला पहलवान शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की चुनौती पेश करेंगी.
ये भी पढ़ें: झारखंड: कुड़ू के आवासीय स्कूल में घुसा करैत सांप, रात को सो रही 4 छात्राओं को काटा, एक की मौत
जिला कुश्ती संघ ने दी शुभकामनाएं
सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने सरस्वती कुमारी को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई. शुभकामना देने वालों में संघ के अभिभावक मनोज कोनबेगी, कमलेश्वर मांझी, अध्यक्ष बसंत बा, सचिव राजू मांझी, कोषाध्यक्ष बलबीर प्रसाद, सोनू ठाकुर, संजय ठाकुर, सुषमा प्रधान, धनंजय प्रसाद, लक्ष्मी कुमारी, स्मिता तिग्गा, रघुनाथ मांझी समेत संघ के सभी सदस्य शामिल हैं. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से सिमडेगा जिला कुश्ती संघ जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसका परिणाम है कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से आगे बढ़कर अब राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रहे हैं. सरस्वती कुमारी का राष्ट्रीय टीम में चयन जिले के लिए गर्व की बात है.
राज्य कुश्ती संघ ने भी दी शुभकामनाएं
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अभिभावक भोलानाथ सिंह, अध्यक्ष जीशान कमर, खेल निदेशक छवि रंजन और महासचिव रजनीश कुमार सहित राज्य कुश्ती परिवार ने भी पूरी टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
ये भी पढ़ें: 'मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं', दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा
ये भी पढ़ें: चक्रधरपुर में 8 साल से अधूरी है 7.33 किमी सड़क, आरईओ ऑफिस के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
