सिमडेगा. मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में 19 से 21 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में सिमडेगा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया. सिमडेगा ने अंडर-17 बालक और बालिका दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में सिमडेगा ने रांची को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया. वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में सिमडेगा और खूंटी के बीच मुकाबला हुआ. रोमांचक मुकाबले में सिमडेगा ने पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब हासिल किया.
अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में सिमडेगा को खूंटी के हाथों 2-0 से हार का सामना करना पड़ा. इस वर्ग में खूंटी चैंपियन बनी, जबकि सिमडेगा को उपविजेता से संतोष करना पड़ा.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियन बनने वाली टीमों को राष्ट्रीय स्तर की नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है. ऐसे में अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग में चैंपियन बनी सिमडेगा की दोनों टीमें अब दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. वहीं, अंडर-15 बालक वर्ग की चैंपियन खूंटी की टीम भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी.
सिमडेगा की इस उपलब्धि पर हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
