सिमडेगाः कोलेबिरा प्रखंड क्षेत्र के बरसलोया पंचायत अंतर्गत छोटकाटोली गांव में शुक्रवार देर शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया. आंधी की चपेट में आने से तारामणि देवी, पति मंगल नाथ सिंह का पत्थर और एस्बेस्टस से बना घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. तेज हवा के कारण घर का काफी हिस्सा टूट गया, जबकि घर में रखे कई सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ये भी पढ़ें- राजकीय सम्मान के साथ विमला प्रधान को अंतिम विदाई, डीसी-एसपी समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह बरसलोया पंचायत के मुखिया संदीप सद मुंडा, वार्ड नंबर एक की वार्ड सदस्य दुर्गावती देवी और गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान और घर में हुए नुकसान का जायजा लिया.
पीड़ित परिवार ने मांगा मुआवजा
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आर्थिक सहायता के साथ उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. परिवार ने बताया कि घर क्षतिग्रस्त होने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो गयी है. इस पर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले को लेकर बातचीत करने और नियमानुसार पीड़ित परिवार को उचित सहायता एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
ये भी पढ़ें- भवनाथपुर में चोरी की घटनाओं का नहीं हुआ खुलासा, नए थाना प्रभारी के सामने चुनौती
