सिमडेगाः जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है. इसी क्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने रात में कोलेबिरा, बानो, जलडेगा और सिमडेगा थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्ती दलों की सक्रियता, वाहन जांच अभियान, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की कार्यशैली का जायजा लिया गया. जलडेगा थाना क्षेत्र में वरीय पुलिस उपाधीक्षक स्वयं रात्रि गश्ती दल के साथ वाहन जांच अभियान में शामिल हुए और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया.
इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया. थाना ओडी ड्यूटी में तैनात पदाधिकारियों और सुरक्षा गार्डों को रात्रि में विशेष चौकसी बरतने, थाना परिसर की सुरक्षा मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
वरीय पुलिस उपाधीक्षक रनवीर सिंह ने निर्देश दिया कि रात के समय थाना पहुंचने वाले लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान किया जाए. सिमडेगा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल गश्ती दल का भी निरीक्षण किया गया तथा प्रभावी गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.
