सिमडेगा:थाना इलाके के खूंटी टोली के पास सड़क हादसे में घायल पड़े एक युवक को पुलिस ने तत्परतापूर्वक अपने सरकारी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका समय पर उपचार किया. पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोग खूब सराहना कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार युवक अचानक खूंटी टोली के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. और इस हादसे में वह घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर गश्ती दल तत्काल मौके पर पहुंचा और घायल युवक को बिना देर किए अपने सरकारी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया. घायल युवक की पहचान दिकसान कुल्लू (19 वर्ष), पिता किशोर कुल्लू, ग्राम कॉनमेंजरा, थाना टांगर, जिला सिमडेगा के रूप में हुई है.
ये भी पढ़ें- रिसर्च और डेवलपमेंट में करियर बनाने वालों के लिए खुशखबरी, 200 अभ्यर्थियों को मिलेगी फेलोशिप
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क हादसों में घायलों को बिना विलंब अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने आमजनों से वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और गति पर नियंत्रण रखने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें. सड़क पर सावधानी ही आपकी और दूसरों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है.
