सिमडेगा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ सिमडेगा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सिमडेगा थाना एवं पीसीआर गश्ती दल ने शहर के डेली मार्केट, बाजार टांड़, अटल पार्क, केला घाघ, अल्बर्ट एक्का स्टेडियम समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान पुलिस टीम को देखकर अवैध शराब की बिक्री कर रही कुछ महिलाएं शराब छोड़कर मौके से फरार हो गईं. पुलिस ने मौके पर मौजूद अवैध शराब को जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दिया.
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री और अड्डेबाजी के कारण विधि-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी होती है. इसे देखते हुए ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है. सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा सेवन जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
