संजीत की रिपोर्ट
सिमडेगाः कुरडेग प्रखंड की खिंडा पंचायत के परकला गांव में गुरुवार को एक अनियंत्रित हाइवा ट्रक सड़क किनारे स्थित एक घर से जोरदार टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. दुर्घटना में घर को नुकसान पहुंचा है.
मिट्टी में धंसा हाइवा का पहिया
घटना की सूचना मिलने पर कुरडेग पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण हाइवा का पहिया मिट्टी में धंस गया. इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हाइवा अनियंत्रित होकर घर से जा टकराया. चालक ने भी सड़क की खराब स्थिति को हादसे का कारण बताया है.
ये भी पढ़ें- बोरिंग कराने से पहले अब लेनी होगी निगम से अनुमति, बिना परमिशन लगेगा 1 लाख तक जुर्माना
तेज रफ्तार हाइवा से ग्रामीणों में चिंता
इधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाइवा चालकों द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जतायी है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई हाइवा चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं. कुछ चालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है.
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से हाइवा वाहनों की नियमित जांच कराने और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के समय यदि घर के आसपास या सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. संयोग से घटना में किसी की जान नहीं गयी. पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
ये भी पढ़ें- कांपते हाथों से राम दरबार के लिए अर्पित किए 11 हजार, बुजुर्ग दंपति की आस्था ने छुआ दिल
