सिमडेगा की बेटियों का कमाल, अंडर 18 भारतीय महिला हॉकी टीम में मिली जगह

Simdega News: सिमडेगा की दो बेटियों संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी ने झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है. हॉकी इंडिया द्वारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए घोषित अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में दोनों खिलाड़ियों का पहली बार चयन हुआ है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट

Simdega News: हॉकी इंडिया द्वारा आगामी 15 से 20 मई तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आयोजित हाई इंटेंसिटी सीरीज के लिए घोषित अंडर 18 भारतीय महिला हॉकी टीम में सिमडेगा की दो महिला खिलाड़ियों संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी का चयन किया गया है. दोनों खिलाड़ियों का पहली बार भारतीय टीम में चयन हुआ है. जिससे जिले में खुशी का माहौल है. 

किसान परिवार की बेटी संदीपा ने बढ़ाया मान 

संदीपा कुमारी सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड अंतर्गत करंगागुड़ी नवा टोली की रहने वाली हैं. वह आवासीय हॉकी सेंटर सिमडेगा की प्रशिक्षु हैं. वह अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं. उनके पिता रंजीत मांझी और मां लखमनी देवी खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. 

मेहनत के बाद पुष्पा को मिली सफलता 

पुष्पा मांझी कुरडेग प्रखंड के हेठमा पंचायत अंतर्गत कुसुम टोली की निवासी हैं. सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिमडेगा की प्रशिक्षु हैं. उनके पिता देवेंद्र मांझी राजस्थान में मजदूरी करते हैं. जबकि माता हीरामणि देवी खेती-बाड़ी करती हैं. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली पुष्पा ने मुश्किल परिस्थितियों में मेहनत और लगन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है. 

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष ने जताई खुशी 

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्व हॉकी दिवस पर यह सिमडेगा के लिए गर्व और खुशी का क्षण है. उन्होंने बताया कि 7 मई 1924 को विश्व हॉकी महासंघ की स्थापना हुई थी और इसी दिन हॉकी इंडिया ने अंडर 18 भारतीय महिला टीम की घोषणा की. जिसमें जिले की दो बेटियों को मौका मिला है. उन्होंने खिलाड़ियों के साथ उनकी कोच तारिणी कुमारी, माता-पिता, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों को भी बधाई दी. 

लोगों ने दी शुभकामनाएं

दोनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, कोच तारिणी कुमारी, कमलेश्वर मांझी, पैंक्रासियुस टोप्पो, सुनील तिर्की, बसंत बा, एलशन कीड़ों, वेद प्रकाश, कुनुल भेंगरा, करिश्मा परवार, रोहित बेसरा, फ्लेबियस तिर्की, सुजीत एक्का, तलीन एक्का, नेहा कुमारी, कोच सुभीला मिंज, फादर बेनेदिक कुजूर, पौलुस बागे, तिंतुस बाड़ा सहित हॉकी सिमडेगा एवं खेल विभाग के कई पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं.

इसे भी पढ़ें: पलामू डीसी ने एमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार लाने का दिया अल्टीमेटम

इसे भी पढ़ें: प्रसव पीड़ा के बाद पांकी सीएचसी में भर्ती महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >