सिमडेगा. विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा ने मंगलवार को बाजारटांड़ स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम परिसर में बन रहे फुटबॉल स्टेडियम निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है. उन्होंने कार्य की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि करीब 13 करोड़ की लागत से बन रहे इस स्टेडियम का निर्माण कार्य बिना शिलान्यास के शुरू किया गया है, जो नियमों का उल्लंघन है. विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य में न तो गुणवत्ता का ध्यान रखा गया है और न ही तकनीकी मानकों का पालन किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदक कुछ स्थानीय तथाकथित नेताओं के प्रभाव में आकर मनमाने तरीके से काम कर रहा है, जो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. भूषण बाड़ा ने कहा कि यह जनता का पैसा है, किसी की निजी संपत्ति नहीं. काम में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों अनिवार्य हैं. अगर निर्माण में सुधार नहीं हुआ, तो पूरे कार्य को रद्द कर दिया जायेगा. साथ ही संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक निर्माण कार्य की पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाये. उन्होंने कार्य की तकनीकी जांच टीम गठित करने की बात कही. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विभाग और संवेदक ने लापरवाही जारी रखी, तो वे स्वयं इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के पास रखेंगे. विधायक ने बताया कि इस मामले को उन्होंने विभागीय मंत्री के समक्ष भी रखते हुए कार्रवाई करने की मांग की है. विधायक भूषण बाड़ा ने स्टेडियम निर्माण कार्य से जुड़ी निविदा प्रक्रिया को लेकर विधानसभा सत्र में भी सवाल उठाये थे. सत्र के दौरान विधायक ने सरकार को बताया था कि स्टेडियम निर्माण की निविदा एडवांस स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी प्रालि नामक कंपनी को गलत तरीके से आवंटित की गयी है. विधायक ने कहा था कि संवेदक द्वारा प्रस्तुत मॉडल को काउंसिल ऑफ आर्किटेक्ट्स से अनुमोदन भी प्राप्त नहीं है. इसके बावजूद निविदा दी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
