चैती दुर्गा पूजा को लेकर समिति के सदस्यों को सौंपी गयी जिम्मेवारी
चैती दुर्गा पूजा समिति की बैठक
सिमडेगा. सलडेगा स्थित श्री देवीगुड़ी मंदिर परिसर में चैती दुर्गा पूजा समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष अभय विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में चैती दुर्गा पूजा को भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया. आयोजन को लेकर पंडाल निर्माण तथा विद्युत सजावट का जिम्मा ओड़िशा के कुशल कारीगरों को सौंपने का निर्णय लिया गया. बैठक में पूजा के सफल आयोजन के लिए समिति के सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया. इसके तहत पूजा व्यवस्था, साफ-सफाई, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रसाद वितरण तथा वित्तीय प्रबंधन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. अध्यक्ष अभय विश्वकर्मा ने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय बना कर कार्य करने और पूजा को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. बैठक में जानकारी दी गयी कि 19 मार्च को कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत होगी. 24 मार्च को बेलवरण अनुष्ठान का आयोजन किया जायेगा. 25 मार्च को नवपत्रिका प्रवेश के साथ माता रानी का पंडाल श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जायेगा. 28 मार्च को भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जायेगी. बैठक में मुख्य रूप से अरुण सिंह, जगदीश सिंह, अजय वर्मा, अखिलेश प्रसाद, राकेश कुमार चंचल, अशोक महतो, दिलीप महतो, नागेंद्र पाठक, मुरारी केसरी, निरंजन प्रसाद, राजेंद्र महतो, प्रफुल महतो, गणेश महतो, अमित केसरी, संतोष प्रसाद, मिथुन सिंह आदि उपस्थित थे.