सिमडेगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा नियुक्त पारा लीगल वोलेंटियरों (पीएलवी) की बैठक शनिवार को डालसा कार्यालय सभागार में हुई. अध्यक्षता प्राधिकार के सचिव मरियम हेमरोम ने की. बैठक में सचिव ने सभी पीएलवी को नये वर्ष में और अधिक ऊर्जा, समर्पण व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया. कहा कि बीते वर्ष पारा लीगल वोलेंटियरों ने जिस लगन व निष्ठा के साथ कार्य किया है, उसी उत्साह को बनाये रखते हुए वर्ष 2026 में भी विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है. उन्होंने पीएलवी को समाज के कमजोर, वंचित और अंतिम पंक्ति के लोगों के लिए सेतु बताया. बैठक में सचिव ने जानकारी दी कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार पांच जनवरी से 12 जनवरी तक जिले में नशा जागरूकता व नशामुक्त भारत के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इस अभियान के तहत जिले के सभी लीगल लिट्रेसी क्लबों, पंचायतों व सार्वजनिक स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाये जायेंगे. उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निबंध लेखन, चित्रांकन व क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके. पीएलवी को निर्देश दिया गया कि वह इन कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें. साथ ही सचिव ने जिले में बाल विवाह मुक्त अभियान को लेकर चल रहे 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम को भी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिये. कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए जन-जागरूकता, निगरानी व त्वरित सूचना तंत्र को मजबूत करना आवश्यक है. बैठक के अंत में सभी पीएलवी ने नशामुक्त समाज एवं बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
