कुरडेग. प्रखंड के कैथोलिक पल्ली खालीजोर में रविवार को खजूर पर्व धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और प्रभु यीशु के जीवन व दुःखभोग का स्मरण किया. कार्यक्रम में फादर सुनील तिर्की, फादर अनसेलम लूगून, फादर बिपिन किशोर सोरेंग एवं फादर बोनीफस ने बाइबिल आधारित प्रवचन देते हुए ईसा मसीह के यरूशलम प्रवेश की घटना का विस्तृत वर्णन किया. बताया गया कि इसी दिन प्रभु यीशु गधे पर सवार होकर यरूशलम पहुंचे थे. जहां लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया था. फादर सुनील तिर्की ने अपने संदेश में कहा कि ईसा मसीह का जीवन अत्यंत सरल, दीन-हीन और मानव सेवा को समर्पित था. उनका दुःखभोग का समय लोगों को प्रेम, दया, शांति और क्षमा का संदेश देता है. मौके पर श्रद्धालुओं ने हाथों में खजूर की डालियां लेकर जुलूस निकाला और प्रभु यीशु के जीवन एवं उनके बलिदान को याद किया. कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ.
खजूर पर्व पर ईसा मसीह के यरूशलम प्रवेश की याद, प्रेम व क्षमा का दिया संदेश
खजूर पर्व पर ईसा मसीह के यरूशलम प्रवेश की याद, प्रेम व क्षमा का दिया संदेश
