सिमडेगा. पेंशनर समाज का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से उनके आवास में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनरों से जुड़ी कई समस्याओं व मांगों को विधायक के समक्ष रखा. समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित पेंशनर भवन के जीर्णोद्धार की मांग करते हुए बताया कि बैठक के लिए हॉल काफी छोटा है. इस कारण नियमित बैठकों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. पेंशनरों ने बैठक हॉल को विस्तार देने का आग्रह किया, ताकि अधिक संख्या में बुजुर्ग सदस्य एक साथ बैठ कर अपनी बात रख सकें. इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल द्वारा वर्ष 2026 में पेंशनर समाज के सदस्यों को पुरी की धार्मिक यात्रा कराने की मांग रखी. पेंशनरों ने कहा कि इस तरह की यात्रा से बुजुर्गों को मानसिक शांति के साथ-साथ सामाजिक जुड़ाव भी मिलेगा. कुरडेग प्रखंड से जुड़े पेंशनरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया. प्रतिनिधिमंडल ने कुरडेग में पेंशनर भवन निर्माण की मांग करते हुए बताया कि यहां हर माह समाज की बैठक होती है. लेकिन अपना भवन नहीं होने के कारण पेंशनरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बताया कि वर्तमान में बैठक हॉल पहली मंजिल पर होने के कारण सीढ़ियां चढ़ने में बुजुर्ग पेंशनरों को परेशानी होती है, जिससे कई सदस्य नियमित बैठकों में शामिल नहीं हो पाते. विधायक भूषण बाड़ा ने पेंशनर समाज की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक पहल की जायेगी. प्रतिनिधिमंडल में रामकैलाश राम, देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, साधु मालुवा, अगस्तुस एक्का, सुरेश चौधरी, जवाहर प्रसाद आदि शामिल थे.
पेंशनरों की समस्याओं को दूर किया जायेगा : भूषण
पेंशनरों की समस्याओं को दूर किया जायेगा : भूषण

पेंशनरों की समस्याओं को दूर किया जायेगा : भूषण