सिमडेगा. बानो थाना क्षेत्र में सड़क पर लूटपाट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन, लोहे की मोटरसाइकिल चेन और हैंडपंच बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क हैं, जबकि एक किशोर है.
18 सितंबर को बानो बड़ाईक टोली निवासी ताज हुसैन ने दो अलग-अलग व्यक्तियों से करीब 20 हजार रुपये नकद और एक स्क्रीन टच मोबाइल लूटे जाने की शिकायत दर्ज करायी थी. बानो थाना कांड संख्या 30/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गयी. पीड़ित और गवाहों से मिले हुलिए, संदिग्ध मोटरसाइकिल के विवरण और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी की गयी.
पंचघाघ गांव में घेराबंदी कर पकड़े गये आरोपी
इसी क्रम में खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया. इनमें दाऊद नाग उर्फ कटेया (23), कालीफ पूर्ति (22) और 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं. दोनों वयस्क आरोपी क्रमश: खूंटी और सरायकेला-खरसावां जिले के रहने वाले हैं, जबकि किशोर अड़की थाना क्षेत्र का निवासी है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, लोहे की मोटरसाइकिल चेन और लोहे का हैंडपंच बरामद किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि दाऊद नाग उर्फ कटेया के खिलाफ अड़की और दशमफॉल थानों में लूट व आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं. वहीं, कालीफ पूर्ति के खिलाफ खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज है.
दोनों वयस्क आरोपियों को 21 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि किशोर को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
