एक सप्ताह तक चला छापामारी अभियान, शराब की भट्ठियां भी की गयीं ध्वस्त; नशामुक्त समाज के लिए पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की
सिमडेगा : जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सिमडेगा पुलिस का छापामारी अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में एक सप्ताह तक जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में थाना/ओपी प्रभारियों के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया.
313 किलो जावा महुआ किया नष्ट
अभियान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 313 किलोग्राम जावा महुआ और 14 लीटर महुआ शराब को नष्ट किया. इसके अलावा अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही शराब की भट्ठियों को भी ध्वस्त किया गया.
पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने जिलेवासियों से अवैध शराब की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है.
सूचना देने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपने आसपास के लोगों को अवैध शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की. साथ ही अवैध शराब के निर्माण या बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना सिमडेगा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर पर देने को कहा है.
