सिमडेगा. जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में सदर थाना एवं पीसीआर गश्ती दल ने डेली मार्केट, कॉलेज टोंगरी के पीछे, अल्बर्ट एक्का स्टेडियम सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर छापामारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान पुलिस को देखकर अवैध शराब की बिक्री कर रही कुछ महिलाएं मौके पर शराब छोड़कर फरार हो गईं. पुलिस ने मौके से बरामद अवैध शराब को जब्त कर नष्ट कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब की बिक्री और अड्डेबाजी से विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है. ऐसे में इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या सेवन तथा अड्डेबाजी की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें. पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
