बानो. गिर्दा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से गौवंशीय पशुओं का परिवहन कर रहे एक पिकअप वैन को जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वाहन से चार गौवंशीय पशु बरामद किये गये हैं. जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि संभलपुर (ओड़िशा) से हुर्दा-जमताई मोड़ होते हुए घाट बाजार की ओर एक सफेद रंग की पिकअप वैन में अवैध रूप से गौवंशीय पशुओं का परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते गिर्दा ओपी प्रभारी अभय कुमार सिंह, एएसआइ सोनाचंद मार तथा सशस्त्र बल के जवानों की टीम गठित की गयी. पुलिस टीम ने 15 मार्च की रात करीब 8.55 बजे जमताई मोड़, हुर्दा के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान रात लगभग 9.40 बजे ओड़िशा-जमताई रोड की ओर से एक सफेद पिकअप वाहन आता दिखायी दिया. पुलिस को देख चालक वाहन को कच्ची सड़क की ओर मोड़ कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर जमताई पंचायत भवन के पास वाहन को रोक लिया. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार गौवंशीय पशु लदे हुए पाये गये, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया. इस संबंध में गिर्दा ओपी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने इस मामले में जयराम सिंह (कुटब, थाना जमनकिरा, जिला संभलपुर, ओड़िशा), उपेंद्र सिंह (विशालपानी, थाना जमनकिरा, जिला संभलपुर, ओड़िशा) तथा रामकिशोर सिंह (रोबकेरा, थाना आनंदपुर, जिला पश्चिम सिंहभूम) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पिकअप वैन जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
अवैध गौवंशीय पशु परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई
