सिमडेगा. उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला ग्रामीण विकास शाखा के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, मनरेगा, पंचायती राज तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लंबित किश्तों के भुगतान की समीक्षा की गयी. उपविकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि डीएससी एनरोलमेंट एसएनए स्पर्श मॉड्यूल के तहत प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 15 मार्च तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय किश्त का भुगतान अविलंब सुनिश्चित किया जाये. साथ ही पीएम आवास योजना में हाउस कंप्लीशन की संख्या बढ़ाने तथा अभिसरण के तहत शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया. मनरेगा योजना की समीक्षा के क्रम में सभी जॉब कार्ड का ई-केवाइसी के माध्यम से शत-प्रतिशत सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा सामग्री मद में प्राप्त राशि का समय पर उपयोग करने, शून्य खर्च वाली योजनाओं, 0 से 5 प्रतिशत खर्च वाली योजनाओं, 75 से 100 प्रतिशत खर्च वाली योजनाओं तथा 100 प्रतिशत से अधिक खर्च वाली योजनाओं को मनरेगा अधिनियम के तहत शीघ्र पूरा करने को कहा गया. उपविकास आयुक्त ने सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े सभी मुद्दों को मनरेगा वेबसाइट पर अपलोड करने, अधिक से अधिक परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने और लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन करने के निर्देश भी दिये. बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत पंचायत व समिति मद की योजनाओं को भी अविलंब क्रियान्वित कर राशि खर्च करने को कहा गया. उन्होंने बताया कि इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जायेगी. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दो दिनों के अंदर संबंधित पंचायतों के मुखिया एवं सचिवों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और क्रियान्वयन में तेजी लायें. वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तहत जल महोत्सव पखवारा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. यह कार्यक्रम आठ मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) से 22 मार्च (विश्व जल दिवस) तक आयोजित किया जायेगा. इसके अंतर्गत जल संरक्षण, जल गुणवत्ता, विश्व प्लंबर दिवस तथा संचालन एवं रखरखाव से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जायेंगी. बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी डीआरडीएस, सहायक परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रखंड समन्वयक पीएमएवाई-जी, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक व कनीय अभियंता उपस्थित थे.
15 मार्च तक लंबित किस्तों का भुगतान करें : डीडीसी
बैठक. पीएम आवास, मनरेगा, पंचायती राज और पेयजल योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
