पोषण सुधार में परिवार व समाज की भी भागीदारी जरूरी : उपायुक्त

मातृ-शिशु पोषण, प्रारंभिक मस्तिष्क विकास और जनभागीदारी पर जोर

सिमडेगा. सिमडेगा में नौ से 23 अप्रैल तक आयोजित होने वाले पोषण पखवारा को सफल बनाने के लिए उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में इस वर्ष अभियान को अधिक प्रभावी बनाते हुए इसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गयी. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस बार पोषण पखवारा का दायरा केवल कुपोषण दूर करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के जीवन के प्रारंभिक छह वर्षों में उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. अभियान की थीम में मातृ एवं शिशु पोषण, 0-3 वर्ष के बच्चों का प्रारंभिक मस्तिष्क विकास, 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा को बढ़ावा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने में जनसहभागिता जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किये गये हैं. उन्होंने स्तनपान, पूरक आहार और संतुलित पोषण के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि माताओं व बच्चों के स्वास्थ्य में ठोस सुधार सुनिश्चित किया जा सके. साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया. बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अधिक प्रशिक्षित और संवेदनशील बनाने पर बल दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि पोषण सुधार केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. इस उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. नगर परिषद क्षेत्र समेत प्रत्येक वार्ड और पंचायत स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे. पोषण पखवारा के दौरान साइकिल रैली, पोषण रैली, पोषण मेला और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. बैठक में सिविल सर्जन डॉ सुंदर मोहन सामाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुन्नी कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी दयानंद कार्जी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, डीपीएम जेएसएलपीएस शांति मार्डी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >