सिमडेगा. जिले के विद्यार्थियों के लिए सहभागी कंप्यूटर एजुकेशन की ओर से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ओपन टेस्ट सीरीज की शुरुआत की गयी है. इसमें जिले के वे विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने कम से कम मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की हो. संस्थान के संचालक निशांत कुमार ने बताया कि टेस्ट सीरीज शुरू होने से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिलेगा. इससे उन्हें यह समझने में भी मदद मिलेगी कि प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नों का स्तर कैसा होता है और परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन कैसे किया जाता है. इन महत्वपूर्ण पहलुओं को विद्यार्थी व्यावहारिक रूप से सीख सकेंगे. परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से पुरस्कृत भी किया जायेगा. यह टेस्ट सीरीज प्रत्येक पंद्रह दिनों के अंतराल पर आयोजित की जायेगी. 20 मार्च को एसएससी जीडी टेस्ट परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. टेस्ट सीरीज में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी 20 मार्च तक प्रिंस चौक के निकट इलाहाबाद बैंक के ऊपरी तल्ले में स्थित सहभागी कंप्यूटर एजुकेशन के कार्यालय में संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं.
जिप बोर्ड की बैठक आज
सिमडेगा. जिला परिषद कार्यालय के सभागार में जिला परिषद बोर्ड की बैठक 17 मार्च को दिन के 11 बजे से होगी. बैठक में जिप बोर्ड के सभी सदस्यों व जिला स्तरीय पदाधिकारियों को उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है.
