सिमडेगा. सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा ने शुक्रवार को घाटशिला में महागठबंधन समर्थित झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में प्रचार अभियान चलाया. विधायक ने डोर-टू-डोर जाकर जनता की समस्याएं सुनीं व विश्वास दिलाया कि महागठबंधन सरकार सभी समस्याओं का समाधान कर सकती है. भूषण बाड़ा ने कहा कि वह किसी नेता के रूप में नहीं, बल्कि झारखंड के बेटे के रूप में जनता के बीच खड़े हैं. उन्होंने घाटशिला की पवित्र धरती का स्मरण करते हुए कहा कि यह धरती शहादत, संघर्ष व संस्कृति की भूमि रही है. उन्होंने अपने प्रिय साथी दिवंगत रामदास सोरेन को नमन करते हुए कहा कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करना अब सभी की जिम्मेदारी है. भूषण बाड़ा ने महागठबंधन सरकार के कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने कृषि ऋण माफी, मंईयां सम्मान योजना, सखी मंडल और महिला समूह के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने, गरीबों की बिजली बिल माफ करने, पेंशन योजनाओं का विस्तार व युवाओं को रोजगार देने जैसे कई ठोस कदम उठाये हैं. उन्होंने आदिवासी-मूलवासी संस्कृति व संरक्षण की योजनाओं का जिक्र किया. विधायक भूषण बाड़ा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में बैठी भाजपा सरकार झारखंड को तोड़ने की कोशिश कर रही है और आदिवासी एकता को कमजोर करने की साजिश कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड का नेतृत्व झारखंड से होना चाहिए और यह तभी संभव है जब जनता सही उम्मीदवार को चुने. मौके पर डॉ अजय शाहदेव समेत कई स्थानीय नेता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।